आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT), मध्य प्रदेश द्वारा प्रदेश के सभी 55 जिलों में अनूठी ‘समृद्धि कलश यात्रा एवं कलश स्थापना’ का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के व्यापारियों को एक सूत्र में जोड़ते हुए ‘समृद्ध व्यापारी से समृद्ध मध्य प्रदेश’ के संकल्प को साकार करना है।

कैट मध्यप्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन ने आज एक पत्रकारवार्ता में कहा कि इस कलश यात्रा की सबसे खास बात यह है कि इसमें प्रत्येक जिले के बाजार की मिट्टी को एक विशेष स्टील कलश में एकत्रित किया जाएगा। कलश में मिट्टी भरकर उसे लाल कपड़े, आम के पत्तों और नारियल से सजाया जाएगा। इस तरह प्रदेश के प्रत्येक जिले के बाजार की मिट्टी उस जिले के व्यापारियों की मेहनत, ईमानदारी और समर्पण का प्रतीक बनेगी।

एक साथ 55 जिलों में होगी कलश स्थापना
इस अभियान का मुख्य कार्यक्रम 16 नवंबर को सुबह 11 बजे प्रदेश के सभी 55 जिलों में एक साथ आयोजित होगा। प्रत्येक जिले के बाजार अथवा मंडी में कलश स्थापना कार्यक्रम होगा। इसमें व्यापारी एक-एक मुट्ठी अपने बाजार की मिट्टी कलश में डालेंगे।

भोपाल पहुंचेंगे कलश, मिंटो हॉल में होगा समापन
कलश स्थापना कार्यक्रम के पश्चात 18 नवंबर को प्रदेश के सभी 55 जिलों के जिला अध्यक्ष अपने-अपने जिले का कलश लेकर भोपाल के लिए रवाना होंगे। 18 नवंबर को भोपाल के मिंटो हॉल में आयोजित भव्य समापन समारोह में इन सभी 55 कलशों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। समारोह के दौरान प्रदेश के दस संभागों के प्रतिनिधि जिला अध्यक्षों द्वारा महा कलश मुख्यमंत्री जी को भेंट किए जाएंगे। इसके पश्चात प्रदेश के सभी 55 जिलों से एकत्रित मिट्टी को एकत्रित कर मध्यप्रदेश कल्याण बोर्ड कार्यालय में स्थापित किया जाएगा।
यह विशाल कलश प्रदेश के 55 जिलों के व्यापारियों की एकजुटता, मेहनत, ईमानदारी और सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनेगा। इसके माध्यम से पूरे प्रदेश में ‘समृद्ध व्यापारी से समृद्ध मध्य प्रदेश’ का संदेश दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री की उपस्थिति में CAIT की टीम का होगा शपथ ग्रहण समारोह
इस भव्य आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री जी की गरिमामयी उपस्थिति में कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT), मध्य प्रदेश की प्रदेश एवं जिला स्तरीय टीम का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर CAIT के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि प्रदेश के व्यापारियों के हितों की रक्षा, व्यापारिक एकता को मजबूत करने, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान तथा प्रदेश के आर्थिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लेंगे।

CAIT मध्य प्रदेश के अध्यक्ष भूपेंद्र जैन ने कहा कि कलश यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक व्यापारी की मेहनत, ईमानदारी और संकल्प का प्रतीक है। हर जिले की मिट्टी में वहां के बाजार और व्यापारियों के परिश्रम की खुशबू समाहित है। जब प्रदेश के 55 जिलों के 55 कलश भोपाल में एक साथ मिलेंगे, तो यह पूरे मध्य प्रदेश की एकता और समृद्धि के संकल्प को और मजबूत करेगा।

मध्यप्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड के गठन पर नागरिक अभिनंदन
मध्यप्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड का गठन प्रदेश के व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षाओं को पूरा करने तथा उनकी समस्याओं को उचित मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री मोहन यादव जी के साथ मिलकर CAIT (कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) द्वारा मध्यप्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई है।

इस महत्वपूर्ण पहल के लिए CAIT मध्यप्रदेश की टीम द्वारा मुख्यमंत्री मोहन यादव जी का होगा नागरिक अभिनंदन। इस अवसर पर प्रदेश के व्यापारियों की ओर से उनका आभार व्यक्त करते हुए व्यापार जगत से जुड़े विभिन्न विषयों को भी रखा जाएगा।

इस कार्यक्रम के प्रभारी राजीव बड़ेरिया, कलश यात्रा के प्रभारी संयुक्त अध्यक्ष गोविंद दास असाटी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के समक्ष CAIT की टीम शपथ ग्रहण कर प्रदेश के व्यापारिक समुदाय के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करने का संकल्प लेगी। यह समारोह प्रदेश में व्यापारिक एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

जबलपुर के पदाधिकारी भी इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम भोपाल में शामिल होंगे

जबलपुर कैट से जितेंद्र पचौरी, संदेश जैन, दीपक सेठी, राजा सराफ, रोहित खटवानी, निखिल पावा, ऐड. राजीव नेमा, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पिंकी जैन, इंजीनियर आशीष इंदुरख्या (आशु ), मयूर सिंघवी, आशु अग्रवाल, संजय चड्ढा, मनोज जसाटी, एवं इस कार्यक्रम में कैट महिला पदाधिकारी सीमा सिंह चौहान, नम्रता भाटिया, प्रतिभा जैन, दीपा टुडेजा, एवं अन्य व्यापारी संगठन के भी पदाधिकारी शामिल होंगे।