आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर, परिव्राजकाचार्य, श्रोत्रीय ब्रम्हनिष्ठ स्वामी श्री अवधेशानंदजी महाराज के  मंगलवार 24 नवंबर को पड़ रहे पाटोत्सव को लेकर प्रभु प्रेमी संघ में उत्साह है। स्थानीय दत्त मंदिर में मंगलवार प्रात: दस बजे से सुंदरकांड, गुरु प्रवचन, गुरुपूजन वंदन और भोग प्रसादी का आयोजन किया गया है। गुरु चरणों में ही ईश्वरीय शक्ति और भक्ति देखने वाले प्रभु प्रेमी संघ के प्रेम रसिक शिष्यों ने आयोजन की पूरी तैयारी की ली है।

प्रभु प्रेमी संघ के अध्यक्ष नवनीत जोहरी, सचिव सूरज कुशवाहा, साधिका शिष्या श्रद्धा चौबे ने बताया कि प्रभु प्रेमी संघ के साधकों के लिए कार्तिक पूर्णिमा का दिन दिव्य और अलौकिकता से भरपूर होगा। कार्तिक पूर्णिमा के दिन संस्था प्रमुख और लाखों लाख आध्यात्म प्रेमियों को ईश्वरीय ज्योति प्रदान करने वाले जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंदजी का जन्मोत्सव अथवा पाटोत्सव मनाते हैं।

प्रतिवर्षानुसार इस खास दिन को मनाने के लिए सभी प्रभु प्रेमी जन गोलबाजार स्थित दत्त मंदिर में एकत्र होंगे। यहां अलभोर से ही धर्म-कर्म के साथ गुरु प्रवचनों के मर्म को समझने का प्रयास होगा। इस दौरान महाराजश्री की पादुका पूजन पूरे विधि विधान से होगा। तदोपरांत सुंदर कांड किया जाएगा। प्रभु प्रेमी संघ के सदस्यों ने बताया कि गुरु जी का पाटोत्सव कार्यक्रम प्रतिवर्ष आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। 

इस अवसर पर वीडियो सत्संग में महाराज श्री का संदेश प्रसारित किया जाएगा ताकि आध्यात्म के मानव जीवन में महत्व को समझा जा सके। श्रीमती चौबे सहित सभी प्रभु प्रेमी संघ के भक्तों ने गुरु शिष्यों से उपस्थिति की अपील की है।