आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। संविधान दिवस (26 नवंबर) के अवसर पर लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती और संविधान की रक्षा के संदेश के साथ कांग्रेस पार्टी जबलपुर में 'संविधान रक्षा मार्च' निकालने जा रही है। इस आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए रविवार को मदन महल स्थित गुलजार होटल में शहर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा शामिल हुए।
संस्कारधानी से पूरे प्रदेश में जाएगा बड़ा संदेश: सज्जन सिंह वर्मा
बैठक को संबोधित करते हुए और मीडिया से चर्चा के दौरान पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि देश के हर राज्य में कांग्रेस संविधान दिवस मना रही है और मध्यप्रदेश में इस बड़े आयोजन के लिए जबलपुर (संस्कारधानी) को चुना गया है। उन्होंने कहा, "संस्कारधानी से अच्छी जगह कोई और नहीं हो सकती। हमारे साथी संजय यादव और सौरभ शर्मा की लंबे समय से मांग थी कि जबलपुर में एक बड़ा कार्यक्रम दिया जाए, ताकि कांग्रेसजन और आम जनता मिलकर भव्य रूप में संविधान दिवस मना सकें।"
श्री वर्मा ने आगे कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व की मजबूत नींव है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के समतामूलक भारत की परिकल्पना और संविधान की मूल भावना की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी एकजुटता के साथ मार्च में शामिल होने और आम नागरिकों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
संगठन के हर स्तर पर तय की गई जिम्मेदारियां
जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने बताया कि 26 नवंबर 1949 को ही संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। यह मार्च केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान की प्रस्तावना के आदर्शों और लोकतांत्रिक अधिकारों के संरक्षण को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए शहर व ग्रामीण कांग्रेस के पदाधिकारियों, ब्लॉक, मंडलम और सेक्टर अध्यक्षों सहित पार्षदों, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवादल को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बैठक में मार्च के रूट और व्यापक जनसंपर्क की रणनीति भी तैयार की गई।
बैठक में ये वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, विधायक लखन घनघोरिया, पूर्व मंत्री तरुण भनोट, संजय यादव, संजय शर्मा, राजकुमार खुराना, कौशल्या गोटिया, अमरीश मिश्रा, आलोक मिश्रा, विष्णु शंकर पटेल, अभिषेक चौकसे, सम्मति सैनी, राजेश पटेल, कादिर सोनी, रमेश चौधरी, राधेश्याम चौबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)