आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत कांचघर स्थित बीमा अस्पताल के सामने एक युवक पर पिस्टल की बट से जानलेवा हमला और अपहरण के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने भाजपा पार्षद लवलीन आनंद के बेटे राजवीर आनंद, उसकी महिला मित्र रवीसा साहनी और अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
समझौते के बहाने बुलाया, बात नहीं बनी तो किया हमला
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीमा अस्पताल के सामने रहने वाले 29 वर्षीय कौशल सिंह राजपूत पेशे से किसान हैं। 20 नवंबर की रात करीब 11:45 बजे खाना खाने के बाद कौशल अपने घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश में समझौता करने के लिए राजवीर आनंद अपनी गर्लफ्रेंड रवीसा साहनी और कुछ अन्य साथियों के साथ बिना नंबर की ग्रे रंग की स्विफ्ट कार से वहां पहुंचा। आरोपियों ने कौशल को घेरकर विवाद शुरू कर दिया। बातचीत के दौरान बात न बनने पर राजवीर ने कौशल के गले पर देशी पिस्टल अड़ा दी और उसे जबरन कार में खींचकर ले जाने का प्रयास किया।
सिर पर किए कई वार, धमकी देकर हुए फरार
खुद को संकट में घिरा देख कौशल ने किसी तरह आरोपियों की पकड़ से खुद को छुड़ाया और भागने लगा। इस पर बौखलाए हमलावरों ने पिस्टल की बट से कौशल के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए कार से मौके से फरार हो गए।
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के अगले दिन 21 नवंबर को घायल कौशल सिंह ने सिविल लाइंस थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पहले उनका विक्टोरिया अस्पताल में मुलाहिजा (मेडिकल परीक्षण) कराया, जिसके बाद बेहतर उपचार के लिए उन्हें दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिविल लाइंस पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
Continue With Google
Comments (0)