आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शेयर बाजार में हर महीने 10 से 15 फीसदी के 'गारंटीड रिटर्न' का लालच देकर एक शातिर दंपति ने शहर के दर्जनों निवेशकों की गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ कर दिया। लाखों की नकदी और सोने के जेवर समेटने के बाद आरोपी दंपति रातों-रात घर छोड़कर फरार हो गया है। केंट थाना पुलिस ने एक महिला कारोबारी की शिकायत पर धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

शाही जीवनशैली से जीता भरोसा
केंट पुलिस के अनुसार, ओमती के नेपियर टाउन निवासी बुटिक संचालिका वंदना अग्रवाल की करीब तीन साल पहले सदर केंट निवासी रश्मी कौर से कपड़ों के कारोबार के सिलसिले में पहचान हुई थी। रश्मी न केवल उनसे कपड़े खरीदती थी, बल्कि कच्चे माल के सस्ते विकल्प भी बताती थी। रश्मी की शाही जीवनशैली और आलीशान मकान को देख वंदना को उस पर पूरा भरोसा हो गया।

फर्जी मुनाफा दिखाकर फंसाया जाल में
इसी भरोसे का फायदा उठाकर रश्मी और उसके पति मनवीर सिंह पाल ने वंदना को शेयर बाजार में निवेश करने का झांसा दिया। मनवीर ने दावा किया कि उनके जरिए निवेश करने पर हर महीने 10 से 15 प्रतिशत मुनाफा पक्का है। झांसे में आकर वंदना ने 2 मई 2024 को दंपति को 2 लाख रुपये नकद दिए। शुरुआती महीनों में आरोपियों ने मुनाफे का फर्जी हिसाब दिखाकर उनका विश्वास और पक्का कर दिया।

नकदी के साथ-साथ ले उड़े 5 तोले सोना
इसके बाद वंदना और उनके रिश्तेदारों ने अलग-अलग किस्तों में लाखों रुपये ऑनलाइन और नकद रूप में दंपति को सौंप दिए। इतना ही नहीं, 21 जून 2025 को 2.5 लाख रुपये नकद के साथ करीब 5 तोले सोने के कंगन भी आरोपियों को दे दिए गए। जब रिश्तेदारों के दबाव में वंदना ने अपनी रकम वापस मांगी, तो दंपति शेयर बाजार में उछाल का बहाना बनाकर टालमटोल करता रहा।

घर पहुंचने पर खुला ठगी का राज
आखिरकार 16 नवंबर 2026 को रश्मी ने वंदना को हिसाब करने के लिए अगले दिन घर बुलाया। 17 नवंबर की दोपहर जब वंदना उनके घर पहुंचीं, तो वहां पहले से ही 25 से 30 लोग जमा थे, जो उन्हीं की तरह ठगी का शिकार हुए थे। घर पर ताला लटका था और दोनों आरोपियों के मोबाइल स्विच ऑफ थे।

पुलिस कार्रवाई जारी
प्रारंभिक जांच में वंदना के 44 लाख 19 हजार 999 रुपये नकद और सोने के कंगन हड़पने की पुष्टि हुई है। केंट थाना पुलिस ने आरोपी दंपति रश्मी कौर और मनवीर सिंह पाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों के बैंक खातों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर उनकी तलाश कर रही है।