आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। पड़ाव मेन रोड पर हार्वेस्टर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए युवक की मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर को पड़ाव मेन रोड पर एक हार्वेस्टर (क्रमांक SR 08S 9865) के चालक ने वाहन को कथित तौर पर लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए युवक दीपक चौधरी को गंभीर चोट पहुँचा दी थी। घायल दीपक चौधरी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर भेजा गया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

मृतक के छोटे भाई एवं सूचनाकर्ता सौरभ चौधरी की रिपोर्ट पर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। साथ ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया गया है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, घटना में शामिल हार्वेस्टर मिल गया है, जबकि चालक फिलहाल फरार है। विवेचना के दौरान चालक के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।