आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए नाबालिगों के एक गुट ने सरेआम गुंडागर्दी की वारदात को अंजाम दिया है। तिलवारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले संग्राम सागर पार्क (बाजनामठ) के पास करीब 15 से 16 नाबालिगों ने कोचिंग में पढ़ने वाले अपने ही एक परिचित छात्र पर चाकू और बेल्ट से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नशे में धुत होकर बिना किसी विवाद के किया हमला
अस्पताल में भर्ती घायल छात्र ने बताया कि वह संग्राम सागर पार्क के पास अपने एक दोस्त से मिलने के लिए खड़ा था। इसी दौरान कोचिंग के ही परिचित करीब 15-16 लड़के वहां पहुंचे और बिना किसी पुराने विवाद या बातचीत के सीधे चाकू से हमला कर दिया। धक्का देकर जमीन पर गिराने के बाद हमलावरों ने उस पर चाकू से वार किए और बेल्ट से बेरहमी से पिटाई की। पीड़ित के अनुसार, हमला करने वाले अधिकतर लड़के नशे की हालत में थे। इस हमले में अम्मू के पैर और कमर में चाकू लगने से गंभीर चोटें आई हैं।
वायरल वीडियो के आधार पर तलाश में जुटी पुलिस
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं, घटनास्थल से इस पूरी चाकूबाजी और मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है।
मामले की सूचना मिलते ही तिलवारा थाना पुलिस ने मेडिकल अस्पताल पहुंचकर घायल छात्र के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस अब सामने आए वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावर नाबालिगों की शिनाख्त कर उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। शहर में नाबालिगों के बीच बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति और नशे की हालत में खुलेआम हो रही इस तरह की वारदातों ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Continue With Google
Comments (0)