आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। गुरु गोविंद सिंह खालसा स्कूल (GCF) में कक्षा 10वीं के छात्र के साथ शिक्षिका द्वारा मारपीट करने और उंगली मरोड़कर लिगामेंट तोड़ने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र की मां ने शिक्षिका के वकील पति पर स्कूल परिसर में गुंडागर्दी करने, झूठे केस में फंसाने की धमकी देने और स्कूल प्रबंधन पर मामले को दबाने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित छात्र अनुराग दुबे के परिजनों के अनुसार, वह रोज की तरह गुरु गोविंद सिंह खालसा स्कूल (GCF) पढ़ने गया था। आरोप है कि वहां शिक्षिका दीक्षा शर्मा ने अनुराग का हाथ मरोड़ दिया, जिससे उसकी उंगली में गंभीर चोट आ गई। परिजनों का कहना है कि जब 4 तारीख को वे स्कूल में शिकायत करने जाने वाले थे, तो स्कूल के 3-4 शिक्षक खुद उनके घर आ गए। उन्होंने स्कूल में कार्यक्रम और मैनेजमेंट के दौरे का हवाला देते हुए अगले दिन आने को कहा और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
स्कूल पहुंचने पर वकील पति और साथियों ने दी धमकी
छात्र की मां अर्चना दुबे ने बताया कि 5 तारीख को जब वह अपने बेटे और भतीजे के साथ स्कूल पहुंचीं (पति अभिषेक दुबे का बीपी बढ़ने के कारण वे साथ नहीं जा सके थे), तो वहां आरोपी शिक्षिका के पति पहले से ही 4-5 वकीलों और अपने दोस्तों के साथ मौजूद थे। मां का आरोप है कि स्कूल स्टाफ के सामने ही शिक्षिका के पति ने अभद्रता और धमकी दी। पीड़ित का यह भी आरोप है कि स्कूल के प्रिंसिपल और अन्य स्टाफ ने भी साथ देने के बजाय बच्चे के भविष्य का डर दिखाकर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया।
दो जगह से टूटा लिगामेंट, ऑपरेशन में आएगा 50 हजार का खर्च
छात्र की मां ने बताया कि शुरुआती एक्स-रे में हड्डी न टूटने और केवल मांसपेशियों में चोट की बात सामने आई थी। धमकियों से डरकर और बेटे के भविष्य की चिंता में उन्होंने पहले पुलिस में शिकायत नहीं की। हालांकि, जब उंगली में दर्द और समस्या बढ़ने लगी, तो डॉक्टर को दिखाया गया। जांच में पता चला कि उंगली का लिगामेंट दो जगह से टूट चुका है। डॉक्टरों ने तत्काल ऑपरेशन (सर्जरी) की सलाह दी है, जिसका खर्च करीब 50 हजार रुपये बताया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, समय पर ऑपरेशन न होने पर उंगली हमेशा के लिए स्थिर (बेकार) हो सकती है।
थाने पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
छोटी सी किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले माता-पिता अचानक आए इस भारी इलाज के खर्च और स्कूल प्रबंधन के रवैये से आहत होकर अब थाने पहुंचे हैं। परिजनों ने आरोपी शिक्षिका, धमकी देने वाले उसके पति और मामले को दबाने वाले स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी घमापुर का कहना है कि फरियादी की इच्छा और सभी कानूनी पहलुओं के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यदि पीड़ित पक्ष औपचारिक रूप से कानूनी सहायता चाहता है और प्रकरण दर्ज कराता है, तो तत्काल मामला पंजीबद्ध कर उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है।
Continue With Google
Comments (0)