आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में एसएएफ (SAF) जवान से मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि मुख्य आरोपी पूर्व में हुए एक बमबाजी के मामले में भी फरार चल रहा था, जिसके पास से पुलिस ने एक बम भी बरामद किया है।

थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार, 3 और 4 तारीख की दरमियानी रात एसएएफ (SAF) में पदस्थ जवान प्रदीप पांडे सिविल ड्रेस में कहीं से लौट रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए कुछ बदमाशों ने अचानक उनके हाथ से मोबाइल झपटा और मौके से फरार हो गए। फरियादी की शिकायत पर रांझी पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी की मदद से पकड़े गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदेहियों की पहचान कर चार आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान लखन चौधरी (गिरोह का मुख्य सरगना),सौरभ चौधरी,रिक्की एंथोनी, शिवा चौधरी के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें जब्त कर ली हैं।

बमबाजी के मामले में भी वांछित था मुख्य सरगना
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह का मुख्य सरगना लखन चौधरी शांति नगर में हुई बमबाजी की एक अन्य घटना में भी फरार चल रहा था। पुलिस ने उस मामले में भी उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की है और उसके पास से एक बम जब्त किया है। बमबाजी की उस वारदात में शामिल उसके तीन अन्य साथियों की तलाश अभी जारी है।

पुलिस ने दिलाई अपराध न करने की शपथ
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सामाजिक सुधार की पहल करते हुए आरोपियों को भविष्य में दोबारा कोई अपराध न करने की शपथ भी दिलाई। पुलिस का कहना है कि कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ उनकी यह कोशिश भी रहती है कि अपराधी मुख्यधारा में लौटें और दोबारा जुर्म की राह न चुनें।