आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। प्रशासनिक कामकाज को और अधिक सुचारू एवं प्रभावी बनाने के लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अरुण कुमार विश्वकर्मा ने जिले में पदस्थ अपर कलेक्टरों (ADMs) के बीच नए सिरे से कार्य विभाजन के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत सभी अधिकारियों को उनके कार्यक्षेत्र और विभागों की नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

प्रमुख अधिकारियों को मिले दायित्वों का विवरण इस प्रकार है

नीता राठौर (अपर कलेक्टर, ग्रामीण-1): इन्हें जबलपुर ग्रामीण, शहपुरा और कुण्डम उपखण्ड के न्यायालयीन कार्य सौंपे गए हैं। इसके अलावा सामान्य निर्वाचन, जनसुनवाई, सीएम हेल्पलाइन, आरटीआई, खेल एवं युवक कल्याण, परिवहन और विभिन्न आयोगों (लोकायुक्त, मानवाधिकार, महिला आयोग आदि) से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी दी गई है।

अखिलेश सिंह (अपर कलेक्टर, ग्रामीण-2): इन्हें सिहोरा और पाटन उपखण्ड के न्यायालयीन कार्य मिले हैं। साथ ही वित्त, राहत एवं आपदा प्रबंधन, भू-अर्जन, लीगल सेल, बैंक वसूली, सत्कार शाखा, उच्च शिक्षा और राजस्व अभिलेखगार का प्रभार सौंपा गया है।

रविशंकर राय (अपर कलेक्टर, शहर-1): इन्हें नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत अधारताल और गोरखपुर उपखण्ड के न्यायालयीन कार्य और 'माफिया विरोधी अभियान' का नोडल बनाया गया है। इनके पास जिला कोषालय, नजूल भूमि, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन, उद्योग और विदेशी नागरिकों की नागरिकता से जुड़े प्रकरण रहेंगे।

शैलेन्द्र सिंह (अपर कलेक्टर, शहर-2): इन्हें रांझी उपखण्ड के न्यायालयीन कार्य सौंपे गए हैं। इसके अतिरिक्त शस्त्र अनुज्ञा, स्थानीय निर्वाचन, सहकारिता, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, कृषि उपज मंडी, रेडक्रॉस और सैनिक कल्याण जैसी महत्वपूर्ण शाखाओं का प्रभार दिया गया है।

अभिषेक गेहलोत (मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत): इन्हें पंचायत एवं समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, पीएचई, कृषि, उद्यानिकी, श्रम, शिक्षा, लोक सेवा प्रबंधन और मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन का प्रभार सौंपा गया है। प्रशासन द्वारा किए गए इस नए कार्य विभाजन से मैदानी स्तर पर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और आम जनता की शिकायतों के त्वरित निराकरण में और अधिक तेजी आने की उम्मीद है।