आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर के ओमती थाना क्षेत्र अंतर्गत सिविक सेंटर स्थित दवा मार्केट से एक व्यापारी के अपहरण के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पैसों के लेनदेन के विवाद में 'पुलिस' लिखी स्कार्पियो गाड़ी से आए चार बदमाशों ने एक युवक का अपहरण कर लिया था। पुलिस की तत्परता से चारों आरोपियों को जिला मंडला के टिकुरिया से गिरफ्तार कर अपहृत युवक को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी सचिन (25) की सिविक सेंटर दवा मार्केट में दुकान है। 10 नवंबर की शाम करीब 4:30 बजे उनका चचेरा भाई सिद्धार्थ उनसे मिलने दुकान आया था। शाम लगभग 5:30 बजे बिना नंबर की एक काले रंग की स्कार्पियो, जिस पर 'पुलिस' लिखा हुआ था, दुकान के सामने आकर रुकी।
गाड़ी से अविरल सिंह ठाकुर अपने तीन-चार साथियों के साथ उतरा और सिद्धार्थ के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे जबरन स्कार्पियो में बैठाकर तेजी से फरार हो गया। सचिन ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भाग निकले। घटना के बाद फरियादी सचिन की रिपोर्ट पर ओमती थाने में अपराध क्रमांक 613/26, धारा 140(3), 296(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मंडला में दबिश देकर पुलिस ने आरोपी दबोचे
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय (IPS) ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ (IPS) एवं सीएसपी ओमती सोनू कुर्मी के मार्गदर्शन तथा ओमती थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया।
सुराग मिलते ही पुलिस टीम ने जिला मंडला के थाना टिकुरिया क्षेत्र में दबिश दी और काले रंग की स्कार्पियो वाहन सहित चारों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने उनके कब्जे से अपहृत सिद्धार्थ नागदेव को सकुशल छुड़ा लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
अविरल उर्फ स्वराज सिंह सेंगर (25 वर्ष), निवासी- सिविल लाइन
इमरान खान (24 वर्ष), पिता- रोशन, निवासी- बजरंग कॉलोनी, मैकेनिक जोन के पास, सिविल लाइन
आकाश छिपेलकर (26 वर्ष), पिता- भागचंद्र, निवासी- राम मंदिर के सामने, इंद्र मार्केट, सिविल लाइन
रिषभ पटेल (25 वर्ष), पिता- तरुण पटेल, निवासी- सिविल लाइन
पूछताछ में खुलासा और जप्त सामान
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि रूपयों की मांग पूरी न होने के कारण उन्होंने अपहरण की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्कार्पियो,2 धारदार चाकू (आलाजर्र), 5 अदद मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में धारा 119(1), 3(5) बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट का इजाफा करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई और आरोपियों को दबोचने में निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक श्रीराम सनोडिया, उप निरीक्षक शिव गोपाल गुप्ता, उप निरीक्षक मयंक यादव, आरक्षक अभिषेक सिंह, राम नरेश बघेल, संतोष उइके, पंकज शोले एवं सुनील पटेल की सराहनीय भूमिका रही।
Continue With Google
Comments (0)