आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर मांडवा बस्ती में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घर की छत पर बैनर निकालने के दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मां और बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका 12 वर्षीय भतीजा गंभीर रूप से झुलस गया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।   

बैनर निकालते समय हुआ हादसा
पुलिस प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मांडवा बस्ती टेंडर-2 के अंतर्गत निवास करने वाली 55 वर्षीय सीता राजपूत और उनके 23 वर्षीय बेटे किशन राजपूत रविवार शाम अपने घर की छत पर बैनर आदि निकालने के लिए चढ़े थे। इसी दौरान उनके हाथ में मौजूद लोहे की रॉड (जिसमें बैनर लगा हुआ था) अचानक फिसल गई और घर के ठीक सामने से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। पाइप टच होने के कारण उसमें तेज करंट प्रवाहित हो गया और मां-बेटे को संभलने का मौका तक नहीं मिला।   

भतीजा गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
इस दुर्घटना की चपेट में उनका 12 वर्षीय भतीजा (बाबू उर्फ रियान राजपूत) भी आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद परिजनों व स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को तुरंत इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।   

पुलिस प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों मृतकों (सीता राजपूत और किशन राजपूत) के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। इस अचानक हुई त्रासदी से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।