आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के बड़ा पत्थर मरघटाई के पास दो पक्षों के बीच विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। मामूली बात को लेकर हुए इस झगड़े में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।   

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार, बड़ा पत्थर मरघटाई के पास दो पक्षों में किसी छोटी सी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पीड़ित पर हमला कर दिया। इस हमले में प्रमोद सेन नामक युवक के सिर में काफी गंभीर चोटें आई हैं।   

घायल अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल प्रमोद सेन को इलाज के लिए जबलपुर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है।थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित के परिजनों व बयान के आधार पर आरोपी प्रकाश चौधरी और उसके बड़े पिता विष्णु चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।   

हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीकृत कर लिया है। फिलहाल रांझी थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।