आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। भारतीय एथलेटिक्स की दिग्गज और राज्यसभा सांसद 'उड़नपरी' पीटी उषा का शुक्रवार को संस्कारधानी जबलपुर आगमन हुआ। वे मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होने शहर पहुंची थी। आयोजित कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री राकेश सिंह, महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू', राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक और खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संस्कारधानी आगमन पर पीटी उषा ने युवा खिलाड़ियों को बहानों और सुविधाओं की प्रतीक्षा छोड़ अनुशासन, कठोर परिश्रम और अटूट समर्पण के साथ ओलंपिक व विश्व स्तर पर पदक जीतने का लक्ष्य निर्धारित करने का संदेश दिया। शहर की खेल संरचना पर बात करते हुए पीटी उषा ने बताया कि जबलपुर उतरते वक्त उन्होंने वायु मार्ग से ही शहर का शानदार 400 मीटर सिंथेटिक ट्रैक देखा। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा, "छोटे और उभरते शहरों में इस स्तर की आधुनिक खेल अधोसंरचना का विकास बेहद उत्साहजनक है। अब युवा एथलीटों को सुविधाओं का रोना रोने के बजाय इन अवसरों का लाभ उठाकर निरंतर अभ्यास पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
उड़नपरी के आगमन से खेल प्रतिभाओं को मिलेगी प्रेरणा: राकेश सिंह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए PWD मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि पीटी उषा की उपस्थिति जबलपुर की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए एक बहुत बड़ा अनुकरण और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में शहर में खेल सुविधाओं और गतिविधियों के नए आयाम स्थापित होंगे। वहीं, मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ के सचिव दिग्विजय सिंह ने बताया कि देश की महान एथलीट का संस्कारधानी में स्वागत करना शहर के लिए गर्व का विषय है और इससे युवा खिलाड़ियों का मनोबल काफी बढ़ेगा।
Continue With Google
Comments (0)