आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर में बेखौफ बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे जनप्रतिनिधियों को सरेराह निशाना बनाने से भी नहीं कतरा रहे हैं। ताज़ा मामला गोहलपुर थाना क्षेत्र का है, जहाँ भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मंगन सिद्दीकी पर बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया।   

चाचा की दुकान के पास फोन पर कर रहे थे बात
जिला अस्पताल विक्टोरिया में जेरे इलाज घायल मंगन सिद्दीकी ने मीडिया को दिए अपने बयान में पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे गोहलपुर थाना क्षेत्र में तालिबह शाह चौक स्थित रिपब्लिक स्कूल के सामने अपने चाचा की 'सानिया ज्वेलर्स' दुकान के पास खड़े होकर फोन पर बात कर रहे थे। तभी वसीम डांगर का लड़का (अरमान), अजमेरी का एक लड़का और डांगर की बहन का लड़का पीछे से आए और उन पर चाकू से पेट पर सीधा वार करने की कोशिश की। मंगन सिद्दीकी ने खुद का बचाव करते हुए पैर चलाए, जिससे चाकू उनके दोनों जांघों पर जा लगा और वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।   

नशे के इंजेक्शन के खिलाफ अभियान बनी हमले की वजह
मंगन सिद्दीकी ने बताया कि वे इलाके में नशे के इंजेक्शन और नशाखोरी के खिलाफ लगातार मुहिम व सामाजिक कार्य चलाते आ रहे हैं। इसी रंजिश में पूर्व में भी वसीम डांगर ने उन पर जानलेवा हमला किया था और उनकी गर्दन पर चाकू चलाया था। उस मामले में वसीम डांगर को 7 साल की सजा हुई है और वह फिलहाल जेल में बंद है। उसी रंजिश को लेकर वसीम डांगर का बेटा अरमान उन्हें फोन पर हत्या करने की धमकियां दे रहा था, जिसकी शिकायत हनुमानताल थाने में दर्ज कराई गई थी। इसी दुश्मनी के चलते अरमान ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।   

अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल मंगन सिद्दीकी को विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है। पुलिस ने घायल के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।