आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। शहर के रामपुर चौक के समीप पड़ाव वाली माता महाकाली के स्वागत के लिए बनाए गए मंचों पर विद्युत सुरक्षा नियमों की भारी अनदेखी का मामला सामने आया है। यहाँ स्वागत मंचों और पंडालों के पीछे खुले और कटे-फटे तारों के जरिए लाइटिंग की जा रही थी तथा डीजे संचालित किए जा रहे थे।
बड़ी दुर्घटना का टला खतरा
आम लोगों और वाहनों की निरंतर आवाजाही के बीच खुले तारों में आ रहे करंट के कारण किसी भी समय गंभीर हादसा होने की पूरी संभावना थी। पंडाल के आसपास और भंडारे के आयोजन स्थल के पास कई जगहों पर वायरिंग में खुले कट पॉइंट्स पाए गए, जहाँ टेस्ट करने पर करंट प्रवाहित होता हुआ मिला।
विद्युत विभाग की सख्त कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। नियमों का उल्लंघन और गंभीर लापरवाही पाए जाने पर प्रशासन और विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित सभी स्वागत मंचों और पंडालों की बिजली सप्लाई तत्काल प्रभाव से काट दी। अधिकारियों का कहना है कि डेकोरेटरों की इस लापरवाही के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Continue With Google
Comments (0)