आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के मरघटाई गार्डन में मोबाइल न देने पर युवक पर जानलेवा हमला करने वाले दोनों आरोपियों को रांझी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाजरब बांस का डंडा और लोहे की रॉड भी जप्त की है। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर 5 नवंबर तक के ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

रांझी थाना पुलिस ने रविवार 4 बजे बताया कि प्रार्थी वीरेंद्र सेन निवासी मरघटाई रोड नं. 02 ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी की रात करीब 10:30 बजे मरघटाई गार्डन के अंदर पीपल के पेड़ के पास उसका बेटा प्रमोद सेन अपने दोस्त मनीष साहू और दीपक सोनी के साथ बैठा था। इसी दौरान आरोपी प्रकाश चौधरी ने आकर मोबाइल मांगा, मना करने पर गाली-गलौज कर चला गया और कुछ देर बाद अपने बड़े पिता के साथ वापस आकर रॉड और डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में प्रमोद के सिर, जबड़े और कमर में गंभीर चोटें आईं।

दोनों आरोपी गिरफ्तार -
इस मामले में रांझी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी

01- विश्वनाथ उर्फ विष्णु चौधरी पिता ईश्वर दास चौधरी उम्र 55 वर्ष निवासी रविदास नगर मरघटाई के सामने रांझी
02- ओमप्रकाश उर्फ प्रकाश चौधरी पिता रवि चौधरी उम्र 31 वर्ष निवासी रविदास नगर मरघटाई के सामने रांझी

विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का नजरी नक्शा मौका तैयार किया, घटनास्थल से खून आलूदा मिट्टी और सादी मिट्टी जप्त की। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर उनके बताए स्थान से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और लोहे की रॉड जप्त की गई है। गिरफ्तारी में थाना प्रभारी रांझी उमेश गोल्हानी, सहायक उप निरीक्षक मनीष कुमार जाटव, प्रधान आरक्षक राजकुमार, राकेश, भुपेंद्र आदि की सराहनीय भूमिका रही।