आर्य समय संवाददाता, बरेला। नगर में शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने एवं सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर नगर परिषद बरेला द्वारा सख्त कदम उठाया गया। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 10 में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को प्रशासन की संयुक्त टीम ने हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 10 स्थित शासकीय भूमि पर वार्ड क्रमांक 9 निवासी योगेश सोनकर, पिता स्व. कृपा चंद्र सोनकर द्वारा टपरा रखकर अतिक्रमण किया गया था। उक्त अतिक्रमण के विरुद्ध मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 223 के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया गया।

इस कार्रवाई में कार्यपालिक दंडाधिकारी, तहसील बरेला, राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन एवं नगर परिषद बरेला की संयुक्त टीम शामिल रही। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद सामग्री को सुरक्षित तरीके से हटवाकर संबंधित व्यक्ति को वापस सौंप दिया गया। प्रशासन की यह संयुक्त कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। नगर परिषद की इस पहल को शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा नगर में सुव्यवस्थित विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।