आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर के लार्डगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आदि प्लाजा के सामने बुधवार को असली और नकली किन्नरों के बीच जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि असली किन्नरों द्वारा खदेड़े जाने पर एक कथित नकली किन्नर ने अपनी जान बचाने के लिए पास के तालाब में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल-112 और विजयनगर थाना पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, लार्डगंज क्षेत्र स्थित आदि प्लाजा के सामने वसूली और क्षेत्राधिकार को लेकर असली किन्नर समाज के लोगों का एक संदिग्ध (कथित नकली) किन्नर से विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला गर्मा गया और असली किन्नरों ने उसे खदेड़ना शुरू कर दिया। खुद को घिरता देख घबराए युवक ने पास के तालाब में छलांग लगा दी। वह करीब आधे घंटे तक गहरे पानी में फंसा रहा।

पुलिस की तत्परता से बची जान
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 का इवेंट प्राप्त हुआ, जिस पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और आधे घंटे की मशक्कत के बाद पानी में कूदे युवक को सही-सलामत बाहर निकाला।

चाकू रखने की बात निकली अफवाह
मौके पर मौजूद किन्नरों ने आरोप लगाया था कि युवक के हाथ में चाकू या कोई धारदार हथियार है। हालांकि, जब पुलिस ने उसे पानी से बाहर निकालकर तलाशी ली, तो उसके पास से कोई भी आपत्तिजनक सामान या हथियार बरामद नहीं हुआ।

मौके पर पहुंचे थाना विजयनगर के प्रधान आरक्षक राजेन्द्र रघुवंशी ने बताया कि डायल-112 पर सूचना मिलते ही हम तत्काल मौके पर पहुंचे। यहां पता चला कि असली किन्नरों द्वारा खदेड़े जाने पर एक कथित नकली किन्नर पानी में कूद गया था। वह करीब आधे घंटे तक पानी में रहा। यदि समय पर नहीं निकाला जाता, तो उसकी जान जा सकती थी। पुलिस की सतर्कता और क्षेत्रीय लोगों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। उसके पास से कोई हथियार नहीं मिला है।