आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक स्कूटी सवार के पास से बैग में रखे 32 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। बड़ी मात्रा में नकदी मिलने और संतोषजनक दस्तावेज न होने के कारण पुलिस ने जब्त की गई पूरी राशि आगे की जांच के लिए आयकर विभाग (Income Tax) की टीम को सुपुर्द कर दी है।
चेकिंग के दौरान बैग से मिली नोटों की गड्डियां
जानकारी के अनुसार, माढ़ोताल पुलिस द्वारा इलाके में नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक स्कूटी सवार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान स्कूटी पर रखे एक बैग के अंदर से 500, 200 और 100 रुपये के नोटों की कई गड्डियां बरामद हुईं। गिनती करने पर यह कुल राशि 32 लाख रुपये निकली।
आयकर विभाग को सौंपा गया मामला
सीएसपी उमेश तिवारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कल चेकिंग के दौरान स्कूटी पर एक बैग से 32 लाख रुपये बरामद किए गए थे। नियमों के तहत इस पूरे मामले और जब्त की गई 32 लाख रुपये की नकदी को आयकर विभाग की टीम को सौंप दिया गया है। अब आयकर विभाग द्वारा इस बात की गहन जांच की जाएगी कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
Continue With Google
Comments (0)