आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर के लार्डगंज थाना क्षेत्र में एक सोलर कंपनी के साथ विश्वासघात और डेटा चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। कंपनी में कार्यरत तीन कर्मचारियों पर फर्जी अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) तैयार करने, कंपनी के लाइसेंसी सॉफ्टवेयर का दुरुपयोग करने और दूसरी कंपनियों के लिए काम कर आर्थिक नुकसान पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।
कंपनी के कंप्यूटर और सॉफ्टवेयर का किया दुरुपयोग
पुलिस के अनुसार, राइट टाउन निवासी अभिषेक बाधवा (36 वर्ष) ने अपनी सोलर कंपनी (ट्यूरिन सोलर) के कर्मचारियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंपनी में पदस्थ सुमित सेन, सुभाष विश्वकर्मा और मो. फैज तबीश ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए ग्राहक को फर्जी एनओसी जारी की। इसके साथ ही तीनों आरोपियों ने कंपनी के कंप्यूटर सिस्टम और महंगे लाइसेंसी सॉफ्टवेयर का उपयोग कर प्रतिस्पर्धी व अन्य कंपनियों के लिए काम किया, जिससे कंपनी को भारी आर्थिक क्षति पहुंची।
जांच में मिली कंपनी की सील और अहम दस्तावेज
आंतरिक जांच के दौरान आरोपियों के पास से कंपनी की आधिकारिक सील, ऑडिट रिपोर्ट की प्रतियां तथा कई अन्य कंपनियों के ऑर्डर से जुड़ा महत्वपूर्ण गोपनीय डेटा बरामद हुआ है। इससे साफ हो गया कि आरोपी लंबे समय से कंपनी की जानकारी के बिना समानांतर रूप से दूसरी कंपनियों का काम कर रहे थे।
बीएनएस की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज
लार्डगंज पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों सुमित सेन, सुभाष विश्वकर्मा और मो. फैज तबीश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी।
Continue With Google
Comments (0)