आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य और शिशु मृत्यु दर को कम करने की दिशा में संस्कारधानी जबलपुर को एक बड़ी सौगात मिली है। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने रानी दुर्गावती चिकित्सालय (एल्गिन हॉस्पिटल) में मध्यप्रदेश के सबसे बड़े एवं महाकौशल के पहले कॉम्प्रिहेंसिव लैक्टेशन मैनेजमेंट सेंटर (मदर मिल्क बैंक) 'अमृत कलश' का विधिवत शुभारंभ किया। लगभग 70 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस आधुनिक केंद्र का मंत्री श्री सिंह ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक डॉ. अभिलाष पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शुभारंभ के पश्चात मंत्री श्री सिंह ने मिल्क बैंक का निरीक्षण कर वहां स्थापित अत्याधुनिक मशीनों और कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। चिकित्सकों और अधिकारियों ने उन्हें माताओं के दूध के संग्रहण, सुरक्षित भंडारण और जरूरतमंद नवजात शिशुओं तक इसे पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान मंत्री श्री सिंह ने स्वेच्छा से अपना दूध दान करने वाली माताओं के जज्बे की सराहना करते हुए उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि मां के दूध से बढ़कर तेजस्वी और पवित्र कोई दूसरा दूध नहीं है। जन्म के बाद शिशु के लिए मां का दूध अमृत के समान होता है, जो उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और शारीरिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। कई बार विभिन्न कारणों से नवजात शिशुओं को मां का दूध नहीं मिल पाता, जिससे उनके पोषण और स्वास्थ्य को लेकर कठिनाइयां आती हैं। उन्होंने कहा कि एल्गिन अस्पताल में 'अमृत कलश' की शुरुआत मानवता और सेवा से जुड़ा अत्यंत पवित्र कार्य है और ऐसे प्रयासों को समाज में हमेशा प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग की टीम को बधाई दी।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इस मिल्क बैंक में ऐसी माताएं, जिनके पास पर्याप्त मात्रा में दूध उपलब्ध है और जो स्वेच्छा से अन्य बच्चों के लिए दान करना चाहती हैं, उनकी सहमति से दूध संग्रहित कर आधुनिक उपकरणों की मदद से सुरक्षित रखा जाएगा। अस्पताल के एसएनसीयू (SNCU) और एनआरसी (NRC) में भर्ती बीमार और कम वजन वाले नवजात शिशुओं को चिकित्सकों की सलाह पर यह दूध उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार होगा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी, एल्गिन अस्पताल की अधीक्षक डॉ. नीता पराशर सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)