आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। जिले के चरगवां थाना अंतर्गत ग्राम भिड़की में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां मामूली पारिवारिक विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। एक पति ने आपसी कलह के चलते अपनी ही पत्नी की डंडे (लाठी) से बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
​रात का विवाद, सुबह सामने आया शव
​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 43 वर्षीय सुकर्ती बाई (निवासी ग्राम भिड़की) के रूप में हुई है। बीती रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखा विवाद हुआ था। यह विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में अंधे हो चुके पति नेमचंद भूमियां ने डंडे से अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। ​इस बेरहमी से हुई पिटाई के कारण सुकर्ती बाई को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के दूसरे दिन सुबह महिला का शव घर के बाहर पाया गया, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
​पुलिस ने आरोपी पति को लिया हिरासत में
​घटना की सूचना मिलते ही चरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति नेमचंद भूमियां को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
​थाना प्रभारी चरगवां सरोजिनी चौकसे ने बताया कि ग्राम भिड़की में पारिवारिक विवाद के चलते पति द्वारा पत्नी के साथ डंडे से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने आरोपी पति नेमचंद भूमियां को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।