आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। संस्कारधानी में अवैध वसूली (रंगदारी) के लिए मारपीट और जानलेवा हमला करने की तीन घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गोकलपुर, बेलबाग और रांझी थाना क्षेत्रों में बदमाशों ने पैसे देने से इनकार करने पर पीड़ितों के साथ बेरहमी से मारपीट की। पुलिस ने सभी मामलों में बीएनएस की धारा 296(बी), 119(1) और 351 के तहत मामला दर्ज किया है।
कमीशन के 2 लाख न देने पर कनपटी पर अड़ाया चाकू
थाना गोहलपुर क्षेत्र अंतर्गत बकरा मार्केट भानतलैया निवासी शोएब मंसूरी (26) 24 नवंबर की शाम करीब 7 बजे अपने दोस्त तौकीर के साथ रामनगर जा रहे थे। रद्दी चौकी स्थित मुश्ताक अहमद की चाय दुकान के पास मो. शब्बीर ने उन्हें रोका और रेस्टोरेंट बेचने के कमीशन के 2 लाख रुपये मांगे। मना करने पर शब्बीर ने शोएब की कनपटी पर चाकू अड़ा दिया। इसी बीच सोहेल उर्फ काला, भांजे जी उर्फ शहवाज आलम, जुबेर और नूर आलम भी वहां आ गए और शोएब से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए शोएब के भाई सोहेल के सीने में भी चोटें आई हैं।
शराब के लिए 500 रुपये नहीं दिए तो घर के बाहर पटका बम
थाना बेलबाग थाना क्षेत्र बंगाली कॉलोनी के पास प्रेमनगर निवासी श्रीमती वर्षा वंशकार (30) 24 नवंबर की शाम 6 बजे अपने घर के बाहर खड़ी थीं। तभी इलाके का बदमाश संतोष बटन वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगने लगा। महिला के इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और दहशत फैलाने की नीयत से वहां बम पटक दिया। धमाके के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।
उधार वापस मांगने बुलाया और शराब के लिए मांगे पैसे, इनकार पर मारा चाकू
थाना रांझी अंतर्गत नानकनगर साईं धाम कॉलोनी निवासी कृष रजक (19) ने रावण पार्क निवासी तिलक गुप्ता को एक साल पहले 5 हजार रुपये उधार दिए थे। 24 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे तिलक ने व्हाट्सएप मैसेज कर कृष को उधारी के पैसे वापस लेने के लिए रावण पार्क बुलाया। जब कृष रात 12 बजे वहां पहुंचा, तो तिलक ने पैसे लौटाने के बजाय उल्टा कृष से ही शराब पीने के लिए 1,000 रुपये मांग लिए। मना करने पर तिलक ने चाकू जैसी नुकीली चीज से हमला कर कृष के दाहिने हाथ का अंगूठा घायल कर दिया।
Continue With Google
Comments (0)