आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-45 (भोपाल-जबलपुर मार्ग) पर बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक भीषण सड़क हादसे में युवक-युवती की दर्दनाक मौत हो गई। दीपावली के पावन पर्व की खुशियों के बीच हुए इस हादसे से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ युवक और युवतियां सड़क किनारे पुलिया से सटकर आपस में बात कर रहे थे। इसी दौरान जबलपुर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार आई-10 ग्रैंड कार (नंबर MP 20 CE 8644) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक व एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जिनकी शिनाख्त प्रशांत लोधी (निवासी उड़ना सड़क, थाना पाटन) और जागृति पंडित (निवासी गुबरा कलां) के रूप में हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त कार बेलखेड़ा से करीब 4 किलोमीटर दूर रजोला गांव की बताई जा रही है। घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी गर्म हैं; चश्मदीदों और सूत्रों का कहना है कि कार की नंबर प्लेट पर मिट्टी पोती गई थी और कुछ लोग आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं, जिससे यह मामला महज एक हादसा है या कोई सोची-समझी साजिश, इन तमाम पहलुओं पर पुलिस गंभीरता से तफ्तीश कर रही है।
घटना के बाद चालक कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही बेलखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए नटवारा स्थित मरचुरी में रखवा दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गहन जांच और चालक की गिरफ्तारी के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Continue With Google
Comments (0)