आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी (GRP) पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक के कब्जे से 4 किलो 145 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
ऐसे हुआ खुलासा
4 नवंबर को जीआरपी थाना जबलपुर की पुलिस टीम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 02-03 पर रूटीन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में पिट्ठू बैग लिए घूमता नजर आया। पुलिस ने शक के आधार पर जब उसकी तलाशी ली, तो उसके बैग से गांजे के चार पैकेट बरामद हुए।
एक लाख से अधिक है कीमत
इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से गांजे का वजन कराने पर कुल मात्रा 4.145 किलोग्राम पाई गई। पुलिस के अनुसार, ज़ब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत ₹1,03,625/- है। पूछताछ के दौरान आरोपी इस अवैध मादक पदार्थ के परिवहन या अपने कब्जे से जुड़े कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं कर सका।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान अचिन कुमार दुबे उर्फ कल्लू (उम्र 35 वर्ष) निवासी ग्रीन सिटी, ड्रीमलैंड फेस-1 मदनमहल के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है और मामले की गहराई से विवेचना की जा रही है।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस पूरी कार्रवाई में जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के नेतृत्व में हुई। टीम में एएसआई गोपाल सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक मनोज मिश्रा, आनंद यादव, कृष्णकांत तिवारी, गोपाल, रविकांत, परशुराम एवं अरुण तिवारी, सीआईबी (CIB) से प्रधान आरक्षक पुष्पेंद्र सिंह एवं आरक्षक भवानी सिंह शामिल थे।
Continue With Google
Comments (0)