आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर के बिलहरी क्षेत्र में डीमार्ट के पास एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक अनियंत्रित ऑटो रिक्शा अचानक पलट गई। हादसे के दौरान ऑटो में सवार यात्री अंदर ही फंस गए और कुछ यात्री गाड़ियों के मलबे के नीचे दब गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे जबलपुर कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए तत्काल राहत कार्य संभाला।

खुद उतरकर मदद में जुटे कलेक्टर
घटना के तुरंत बाद कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने अपना वाहन रुकवाया और सीधे मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद स्थानीय लोगों के साथ मिलकर पलटी हुई ऑटो रिक्शा को सीधा कराया और उसमें फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

खनिज विभाग की गाड़ी से भिजवाया अस्पताल
हादसे में घायल हुए लोगों को त्वरित चिकित्सा सहायता दिलाने के लिए कलेक्टर ने पीछे से आ रही खनिज विभाग की गाड़ी का उपयोग किया और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल रवाना किया। इसके साथ ही उन्होंने मौके से ही जिला अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी को फोन कर सभी घायलों का समुचित और त्वरित इलाज सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

ऑटो में सवार थे 6 लोग
बताया जा रहा है कि ऑटो रिक्शा में चालक सहित कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें तीन महिलाएं, एक बच्चा और एक पुरुष शामिल थे। हादसे में एक महिला और बच्चे सहित कुल चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाया गया।कलेक्टर श्री विश्वकर्मा की इस तत्परता और स्थानीय नागरिकों की मदद से एक बड़ा हादसा होने से टल गया और समय पर सभी घायलों को इलाज मिल सका।