आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। त्यौहारों के मौसम में उपभोक्ताओं को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख इलाकों में स्थित मिठाई और नमकीन दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि इस अभियान के तहत गोरखपुर, मदनमहल, सदर और तिलहरी स्थित कई नामी प्रतिष्ठानों की जांच की गई और परीक्षण के लिए खाद्य सामग्री के नमूने (सैंपल) एकत्रित किए गए।

इन प्रमुख प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई:
गोरखपुर: 'बीकानेर' से मलाई कतली और मावा बर्फी, तथा 'राज स्वीट' से मठरी व गुझिया के सैंपल लिए गए।

मदनमहल: 'हीरा स्वीट' से भी मठरी और गुझिया के सैंपल लिए गए।

सदर: 'मधुकलश' प्रतिष्ठान से नमकीन के नमूने एकत्रित किए गए।

तिलहरी: 'ओवन क्लासिक' से नमकीन, चिप्स और क्रीम रोल के सैंपल लिए गए।

होटल विजन महल: रसोई (किचन) के स्टोर में रखे फूड कंटेनरों पर एक्सपायरी/पैकिंग डेट अंकित करने के सख्त निर्देश दिए गए।

भोपाल भेजी जाएगी सैंपलों की जांच रिपोर्ट
खाद्य सुरक्षा अधिकारी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान जब्त किए गए सभी सैंपलों को विस्तृत जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भोपाल प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि कोई भी सैंपल खाद्य सुरक्षा एवं मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। त्यौहारों के दौरान शहर में यह निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।