आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। कुंडम थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां अज्ञात हमलावरों ने चाकू से हमला कर 25 वर्षीय एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। इस दिनदहाड़े हुई घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना कुंडेश्वर धाम तालाब के पास कलारी के आगे घटी। मृतक की पहचान अक्कू उर्फ आकाश (25 वर्ष), पुत्र लखन सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जिला कटनी के ग्राम हल्का बोदा का रहने वाला था और कॉलेज में पढ़ाई करता था।
मृतक के पिता लखन सिंह ने बताया कि आकाश गुरुवार को ही अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए कुंडम आया था। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार (चाकू) से उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद 112 और 108 आपातकालीन सेवाओं की मदद से गंभीर रूप से घायल आकाश को तत्काल कुंडम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
दिनदहाड़े हुई इस हत्या की सूचना मिलते ही कुंडम पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास के इलाकों को खंगाल रही है तथा अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
फिलहाल हत्या के असली कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश व डर का माहौल है।
Continue With Google
Comments (0)