आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। दीपावली एवं छठ महापर्व को देखते हुए कैंट विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी ने कैंट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न तालाबों एवं छठ पूजा घाटों का कार्यकर्ताओं एवं संबंधित अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।
इस दौरान विधायक रोहाणी ने आधारताल तालाब, एस.ए.एफ. तालाब एवं मानेगांव तालाब पहुंचकर पर्वों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीपावली एवं छठ पूजा के पूर्व सभी घाटों की साफ-सफाई व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त की जाए। घाटों का आकर्षक सौंदर्यीकरण किया जाए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
विधायक रोहाणी ने विशेष रूप से घाटों पर पर्याप्त विद्युत व्यवस्था, रंगीन एवं आकर्षक रोशनी, साफ-सुथरे पूजा स्थल तथा व्यवस्थित आवागमन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि दीपावली एवं छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी लोग उत्साह, श्रद्धा एवं उल्लास के साथ पर्व मना सकें।
उन्होंने कहा कि दीपावली एवं छठ पूजा हमारी आस्था, संस्कृति और परंपरा के महत्वपूर्ण पर्व हैं। इन पर्वों पर घाटों की स्वच्छता, सुंदरता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान मंडल अध्यक्ष पुष्पराज सिंह सेंगर, पार्षद दामोदर सोनी, ऋषि यादव, बाबा श्रीवास्तव, अनुराग दहिया, निशांत झारिया, संतोषी ठाकुर, सावित्री शाह, महामंत्री हेमराज सराठे, सुधीर बेन बंटी, कैलाश रजक, विनय राठौर, हैप्पी सिंह, आलोक मित्रा, मलकीत कौर, रंजना दुबे एवं सरोज तिवारी सहित अनेक कार्यकर्ता एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सभी के सामूहिक प्रयासों से कैंट विधानसभा के घाटों को स्वच्छ, सुंदर, रोशनी से जगमग एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने का संकल्प लिया गया।
Continue With Google
Comments (0)