आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। बरेला थाने के सामने सड़क पर दुकान लगाने को लेकर शुक्रवार को जमकर बवाल हो गया। इस मामले में स्थानीय पार्षद और पुलिसकर्मी आमने-सामने आ गए, जिससे थाने परिसर में घंटों गहमागहमी का माहौल बना रहा। पार्षद ने पुलिस पर अभद्रता, गाली-गलौज और अपने परिजनों से मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, बरेला थाना क्षेत्र में थाने के ठीक सामने सड़क पर दुकान लगाने की बात को लेकर विवाद की शुरुआत हुई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और वार्ड पार्षद प्रकाश चक्रवर्ती के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गई।
पार्षद प्रकाश चक्रवर्ती का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विवाद के दौरान पुलिस ने उनके पिता को पकड़ लिया और उनके बेटे के साथ मारपीट करते हुए उसे थाने ले गए। पार्षद ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
थाने में जुटे जनप्रतिनिधि और समर्थक
विवाद और पार्षद के परिजनों को थाने ले जाने की खबर फैलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मंडल अध्यक्ष और नगर परिषद अध्यक्ष सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि तत्काल बरेला थाने पहुंच गए। देखते ही देखते थाने में समर्थकों और स्थानीय लोगों का भारी जमावड़ा लग गया। पार्षद के समर्थन में पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी जताई और निष्पक्ष जानकारी मांगी।
Continue With Google
Comments (0)