आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर के रांझी थाना क्षेत्र से पिछले 4 दिनों से लापता युवक का शव परशुराम कुंड में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान अनुराग कोल उर्फ विक्की के रूप में हुई है, जो 4 तारीख से लापता था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, परिजनों ने 4 तारीख को रांझी थाने में अनुराग की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी और वे लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। बीती रात खमरिया पुलिस को सूचना मिली कि परशुराम कुंड में एक व्यक्ति का शव तैर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम परिजनों को साथ लेकर मौके पर पहुंची और तस्दीक की, जहां शव की पहचान अनुराग कोल उर्फ विक्की के रूप में हुई।

मामले की जानकारी देते हुए सीएसपी सतीश साहू ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मृत्यु पानी में डूबने के कारण होना प्रतीत हो रही है। पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की विवेचना शुरू कर दी है।