आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर के गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नर्मदा नगर बस्ती नंबर-1 में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपनी करीब 10 वर्षीय मासूम बेटी के साथ अपने ही घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय अंजना कुशवाहा और उनकी बेटी मुस्कान कुशवाहा के रूप में हुई है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है।
मायके पक्ष ने पति पर लगाए गंभीर आरोप
मृतका अंजना कुशवाहा की भाभी दीपिका पटेल ने पति मनीष कुशवाहा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के मुताबिक, अंजना और मनीष ने वर्ष 2013 में प्रेम विवाह (लव मैरिज) किया था और पिछले 7-8 सालों से नर्मदा नगर में रह रहे थे। भाभी का आरोप है कि मनीष कोई काम-धंधा नहीं करता था और उसका किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध था।
परिजनों का कहना है कि इसी बात को लेकर मनीष आए दिन अंजना और बच्चों के साथ मारपीट करता था और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। वह अंजना को उसके मायके भी नहीं जाने देता था और चरित्र पर संदेह करते हुए अभद्र टिप्पणियां करता था। अंजना पिछले पांच वर्षों से सिलाई का काम करके अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। मृतका का एक 10-11 साल का बेटा भी है। परिजनों का दावा है कि मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस और एफएसएल की टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही गोहलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। गोहलपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया है और घटनास्थल पर एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और पति द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बातें सामने आ रही हैं। पुलिस मृतका के बेटे और परिजनों के बयान दर्ज कर रही है तथा मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Continue With Google
Comments (0)