आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में मजदूरी करने वाली एक महिला के साथ किस्तों में सोने-चांदी के नकली जेवर देकर 6 लाख 69 हजार 681 रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर घमापुर पुलिस ने ज्वैलरी दुकान संचालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।   

क्या है पूरा मामला-
शिकायतकर्ता मिथलेश रैकवार (निवासी बरऊ मोहल्ला, भारत सेवक समाज स्कूल के पीछे, घमापुर) मजदूरी का काम करती हैं। उन्होंने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि करीब 10 वर्षों से वे झामनदास चौक स्थित ज्वैलरी दुकान संचालक सचिन सोनी से धीरे-धीरे किस्तों में सोने-चांदी के जेवर खरीद रही थीं, जिसमें सोने का हार, कड़े, पंचाली हार, पायल, झुमकी, मंगलसूत्र व अन्य आभूषण शामिल हैं। 

महिला के अनुसार, जब जेवर काले पड़ने लगे तो उन्होंने अन्य ज्वैलरी दुकान और गोल्ड लैब में उनकी जांच कराई, जिससे पता चला कि जेवर नकली हैं। आरोप है कि जब उन्होंने दुकान संचालक सचिन सोनी से इस बारे में बात की तो वह टालमटोल करने लगा और रसीद मांगने पर कथित तौर पर ओवरराइटिंग कर ऐसी रसीद दी, जिस पर दुकान का नाम तक नहीं था।   

पुलिस की आगे की कार्रवाई
घमापुर पुलिस ने फरियादी द्वारा पेश की गई रसीदों और संबंधित दस्तावेजों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रस्तुत रसीदों, गोल्ड लैब की रिपोर्ट और जेवरों की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।