आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। जबलपुर में 22 नवंबर को आयोजित होने वाली सूर्य हाफ मैराथन 2026 को सफल, भव्य और यादगार बनाने के उद्देश्य से 28 अक्टूबर को मुख्यालय मध्य भारत एरिया, जबलपुर छावनी में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मेजर जनरल संजय गौतम (चीफ ऑफ स्टाफ) मध्य भारत एरिया ने की। इसमें भारतीय सेना, नागरिक प्रशासन, व्यापारिक समुदाय, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों और पर्यटन क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर आयोजन को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में मैराथन के सुचारू संचालन, व्यवस्थाओं, जनभागीदारी बढ़ाने, प्रायोजन तथा विभिन्न संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की गई। आयोजन के माध्यम से जबलपुर की पर्यटन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने, नागरिक-सैन्य संबंधों को और मजबूत करने तथा शहर में स्वास्थ्य, फिटनेस और सामुदायिक एकता की भावना को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में कैट सहित विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता
बैठक में कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के प्रतिनिधियों के रूप में प्रदेश महामंत्री जितेंद्र पचौरी, संभागीय अध्यक्ष दीपक सेठी, जिला उपाध्यक्ष मनु शरत तिवारी और जिला संरक्षक धर्मेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त जबलपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स, रोटरी, से बलदीप सिंह मैनी, प्रदीप चड्ढा, खटवानी मोटर्स, अनिल ग्रोवर (सत्य प्रकाश स्कूल), एवं होटल उद्योग, डी. एस. जसवानी (औद्योगिक संगठन से) कई व्यापारी प्रतिष्ठानों से एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र तथा पर्यटन विभाग के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। प्रमुख उपस्थित महिला प्रतिनिधियों में गीता शरत तिवारी, प्रीति चौधरी, प्रीति त्रिपाठी, और होटल उद्योग से नीता नारंग सहित विभिन्न महिला संगठनों की सदस्यों ने सहभागिता की। विभिन्न व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों की उपस्थिति ने इस आयोजन को शहरव्यापी जनभागीदारी का स्वरूप देने के सामूहिक संकल्प को दर्शाया।
अब पूरे जबलपुर से एक ही आवाज — दौड़ेगा जबलपुर
सूर्य हाफ मैराथन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, परिवार और समाज को एक साथ जोड़ने तथा अपने शहर के प्रति गौरव व्यक्त करने का अवसर है।
आइए, इस बार जबलपुर की सड़कों पर कदम से कदम मिलाकर दौड़ें
शहर के बच्चों और किशोरों, युवाओं, महिलाओं, अभिभावकों, परिवारों, व्यापारियों, उद्यमियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों तथा वरिष्ठ नागरिकों से अपील है कि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लें। परिवार के साथ, दोस्तों के साथ या अपने संस्थान एवं संगठन की टीम बनाकर इस उत्सव का हिस्सा बनें। मैराथन में 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर तथा 3 किलोमीटर फन रन के विकल्प उपलब्ध हैं। प्रतिभागी अपनी तैयारी और क्षमता के अनुसार उपयुक्त श्रेणी चुन सकते हैं।
जबलपुर की पहचान, स्वास्थ्य और एकता का उत्सव
भारतीय सेना, नागरिक प्रशासन, व्यापारिक समुदाय और सामाजिक संगठनों के सामूहिक सहयोग से सूर्य हाफ मैराथन 2026 को जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक यादगार आयोजन बनाने का लक्ष्य है। यह पहल शहर की सकारात्मक पहचान को आगे बढ़ाने के साथ-साथ नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी।
Continue With Google
Comments (0)