आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। खाद्य पदार्थों में मिलावट और दूषित सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देशों के तहत राजस्व और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को शहर के विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों और बेकरी कारखानों में आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान मिलावट की आशंका पर मिल्क केक, मलाई बर्फी, बेसन लड्डू और पेड़ा सहित कुल 13 नमूने (सैंपल) जब्त किए गए, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है।
सड़े प्याज मौके पर कराया नष्ट
करमेता स्थित बीकानेर स्वीट्स के कारखाने और स्टोर के निरीक्षण के दौरान भारी गंदगी पाई गई। टीम को मौके पर लगभग 3 किलो सड़े हुए प्याज मिले, जिनका इस्तेमाल प्याज की कचौरी बनाने में किया जा रहा था। अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़े प्याज को मौके पर ही नष्ट करवाया। यहाँ से चॉकलेट रोल और बर्फी के सैंपल लिए गए हैं।
इन दुकानों और कारखानों पर हुई कार्रवाई
अमृत भंडार बेकरी (विजय नगर): निरीक्षण के दौरान केक और मिठाइयों का संग्रह मिला। यहाँ से मिल्क केक, मलाई रोल और मलाई बर्फी के सैंपल लिए गए।
केशरवानी स्वीट्स (दीनदयाल चौक): कारखाने में गंदगी पाई गई। यहाँ रखे मावा, बेसन लड्डू, खोवा बर्फी और पेड़ा के 4 सैंपल जांच के लिए लिए गए।
बीकानेर स्वीट्स (करमेता): गंदगी मिलने पर चॉकलेट रोल व बर्फी के सैंपल लिए गए और सड़े प्याज नष्ट कराए गए।
बड़कुल स्वीट्स एवं नंदीश्वर स्वीट्स (मेडिकल क्षेत्र): दोनों दुकानों से नमकीन और पेड़ा के कुल 4 सैंपल लिए गए।
गंदगी फैलाने वाली दुकानों को नोटिस
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने पर केशरवानी स्वीट्स और बीकानेर स्वीट्स को धारा 32 के अंतर्गत कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि बुधवार को कुल 13 नमूने जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे हैं। लैब से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Continue With Google
Comments (0)