आर्य समय संवाददाता,(दीपक पंजवानी) जबलपुर। आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम हरकत में आ गई है। मंगलवार 27 अक्टूबर को कलेक्टर के सख्त निर्देशों और एसडीएम गगन बिसेन के नेतृत्व में राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख मिष्ठान प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान कई जगह भारी अनियमितताएं और अस्वच्छता पाई गई, जिस पर प्रशासनिक टीम ने सख्त कदम उठाए।
बीकानेर वाला स्वीट्स के किचन में गंदगी, दिल्ली से आ रही थीं मिठाइयां
जांच टीम ने सबसे पहले साउथ सिविल लाइन स्थित बीकानेर वाला स्वीट्स रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान के किचन और स्टोर रूम में साफ-सफाई का बेहद अभाव पाया गया। पूछताछ में संचालक द्वारा बताया गया कि मिठाइयां और नमकीन दिल्ली से 'कोल्ड चेन' के माध्यम से जबलपुर लाई जाती हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से टीम ने ब्लेंडेड चीज़ (Blended Cheese), खोवा बर्फी, बूंदी लड्डू के यहां से सैंपल जब्त किए।
फफूंद लगे ड्राई फ्रूट्स और रीसायकल हो रही थीं पुरानी मिठाइयां
कार्रवाई के अगले क्रम में टीम बिलहरी स्थित बीकानेर स्वीट्स के कारखाने पहुंची, जहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। कारखाने में भारी मात्रा में फफूंद (Fungus) लगे हुए बादाम और अंजीर पाए गए। वहीं पुरानी और बची हुई मिठाइयों को रीसायकल (पुनः संसाधित) कर नई मिठाइयां बनाई जा रही थीं। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद लगभग 20 किलोग्राम दूषित मिठाइयां और खराब ड्राई फ्रूट्स नष्ट करवाए। इसके साथ ही कारखाने में रखे मावा और डोडा बर्फी के सैंपल जांच हेतु लिए गए।
धारा 32 का नोटिस जारी: स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर विक्रेता को खाद्य सुरक्षा कानून की धारा 32 के तहत नोटिस थमाया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन न करने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हीरा स्वीट्स (बिलहरी) में भी पड़ा छापा
इसी कड़ी में बिलहरी स्थित हीरा स्वीट्स के प्रतिष्ठान की भी सघन जांच की गई। अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों का जायजा लेते हुए वहां से नमकीन और केसर पेड़ा के सैंपल जांच के लिए संग्रहित किए।खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि आज की कार्रवाई के दौरान लिए गए सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। लैब से रिपोर्ट प्राप्त होते ही संबंधित मिष्ठान विक्रेताओं के खिलाफ अग्रिम दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
टीम ने शहर के सभी खाद्य विक्रेताओं और दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और केवल गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का ही संग्रहण व विक्रय करें। लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सीधी दंडात्मक कार्रवाई होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के चलते यह जांच अभियान शहर में निरंतर जारी रहेगा।
Continue With Google
Comments (0)