आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। दमोह जिले के सांसद राहुल सिंह के विरुद्ध वायरल वीडियो में अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी करने वाले आरक्षक रत्नेश तिवारी को अनुशासनहीनता के चलते निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई कार्यालयीन आदेश क्रमांक पुअ/जबल/स्टेनो/निलं/26/2026 दिनांक 28.10.2026 के तहत की गई है।   

बिना सूचना के चल रहा था अनुपस्थित
मिली जानकारी के अनुसार, आरक्षक 2268 रत्नेश तिवारी (पिता - रमेश तिवारी, निवासी - जिला दमोह) की वर्तमान पदस्थापना पुलिस लाइन जबलपुर में थी। वह बीते 15 अक्टूबर 2026 से बिना किसी पूर्व सूचना के अनाधिकृत रूप से अपने कर्तव्य से अनुपस्थित चल रहे थे।   

वीडियो वायरल होने पर हुई कार्रवाई
आरोप है कि कर्तव्य से गैरहाजिर रहने के दौरान आरक्षक द्वारा सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया गया, जिसमें उन्होंने दमोह सांसद राहुल सिंह के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने और इस तरह की गंभीर अनुशासनहीनता को संज्ञान में लेते हुए उच्चाधिकारियों ने यह कड़ा कदम उठाया है।   

आगे होगी दंडात्मक कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जबलपुर, दिनेश कुमार मर्सकोले ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी आरक्षक को निलंबित कर दिया गया है। प्राथमिक जांच के पश्चात अब आरक्षक के विरुद्ध शीघ्र ही सख्त अनुशासनात्मक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।