आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) में 17 सूत्रीय मांगों को लेकर आज शुक्रवार 12 वें दिन भी कर्मचारी अनशन पर डटे हुए है। वहीं अब आंदोलनकारियों से निपटने विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी हंटर चलाना शुरू कर दिया है। आज सुबह rdvv कुलसचिव ने अनशन में सक्रिय भूमिका निभा रहे पूर्व महासचिव संजय यादव को नोटिस थमा दिया है। वहीं उन्हें जल्द अनशन खत्म करने की चेतावनी दी गई है।

वहीं कर्मचारियों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन अब दमकारी नीतियों पर चल रहा है। कर्मचारियों को डरा-धमकाकर आंदोलन का खत्म कराना चाहता है। लेकिन इससे कर्मचारी डरने वाले नही हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन को यह सब छोड़कर कर्मचारी हित पर ध्यान देना चाहिए। पूर्व महासचिव संजय यादव ने कहा कि अनशन के पूर्व विश्वविद्यालय प्रशासन को सूचना दी गई थी।

लेकिन इसके बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन यह आरोप लगाकर नोटिस थमा रहा है कि हमारे द्वारा पूर्व में कोई सूचना नहीं दी गई थी। बात साफ है कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े मामलों में विश्वविद्यालय प्रशासन कोई निर्णय नहीं लेना चाहता है। उल्टा कर्मचारी हित की बात उठाने वालों को दबाना चाहता है।

पूर्व कर्मचारी संघ अध्यक्ष बैसाखू ने कहा कि अब आरपार की लड़ाई का समय आ गया है। कर्मचारी कुलगुरू और कुलसचिव का घेराव करेंगे। नोटिस बाजी से काम नहीं चलेगा। कर्मचारियों को श्रमसाध्य का भुगतान किया जाए। वही 70 पदों के निरस्त होने के मामले में कुलगुरू अपना रूख साफ करें। कर्मचारियों की वरिष्ठता पर जो कुठाराघात हुआ है उस पर भी विश्वविद्यालय प्रशासन जबाव दें।