आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शनिवार को बिजली कंपनी की सिटी सर्किल की 20 से अधिक टीमों ने हनुमानताल, सिंधी कैंप और उससे लगे हुए क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापामार कार्यवाही करते हुए बड़ी संख्या में बिजली चोरी के मामले पकड़े। उक्त क्षेत्र में बिजली कंपनी को करीब 60 से 65 फीसदी लाइन लाॅस हो रहा है। मतलब बिजली चोरी के चलते सौं रुपए की बिजली आपूर्ति के मुकाबले बिजली कंपनी को महज 35 रुपए ही राजस्व के रूप में प्राप्त हो रहे हैं। हर माह बिजली कंपनी को करोड़ों रुपए की चोट पहुंच रही हैं। 

शनिवार को एसई संजय अरोरा ( सिटी सर्किल) के नेतृत्व में बिजली कंपनी के अधिकारियों, मैदानी अमले के साथ पुलिस ने पूर्व संभाग के सबसे ज्यादा लाइन लास वाले क्षेत्रों में व्यापक सर्चिंग अभियान चलाया। एस ई संजय अरोरा ने बताया कि बड़ी संख्या में ऐसे मामले सामने आए हैं जहां सर्विस लाइन ब्रेक कर बिजली चोरी की जा रही थी। वहीं कुछ घरों में खराब मीटर का बहाना बताकर मीटर के इनकमिंग में लाइन जोड़कर बिजली इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया है। दोपहर तक करीब 45 से ज्यादा पंचनामा बनाए गए हैं।

https://www.instagram.com/reel/DGX2UtmvIMV/?igsh=bWpoNW9jdDl4dGF6

कार्रवाई के दौरान ऐसे मीटर की जांच करवाई, जो ऊपर से सामान्य लग रहा था। विद्युत कर्मियों ने मीटर खोला, तो उसके भीतर इलेक्ट्राॅनिक्स डिवाइस को टेंपर कर बिजली चोरी करने का मामला सामने आया। इसमें खास बात यह थी, कहीं से भी बिजली चोरी करने का संदेह नहीं हो रहा था। एक उपभोक्ता के मकान में पोल से सर्विस लाइन के साथ-साथ एक समानांतर लाइन खींची गई थी, जिससे वह चोरी की बिजली का उपयोग कर रहा था।