आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। थाना लार्डगंज अंतर्गत कछियाना बसौर मोहल्ला (साहू गली) में अड़ीबाजी और शराब पीने के लिए रुपये न देने पर युवक पर गोली व चाकू से प्राणघातक हमला करने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने महाराजपुर बाईपास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल देशी कट्टा, पिस्टल, दो चाकू और फरियादी की लूटी गई स्कूटी जब्त की है। पुलिस ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था व खौफ खत्म करने के उद्देश्य से आरोपियों का जुलूस भी निकाला।   

शराब के पैसों को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर की रात लगभग 11 बजे फरियादी तरुण मृगे अपने मोहल्ले कछियाना साहू गली में मौजूद था। तभी मोहल्ले के ही तीन युवक सत्यम साहू, सत्तादित्य सिंह और वीरू शराब के नशे में पहुंचे और तरुण से शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे। जब तरुण ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो तीनों ने विवाद करते हुए उस पर जानलेवा हमला कर दिया।   

गोली मारकर चाकू से किया हमला
विवाद के दौरान आरोपियों ने फायरआर्म निकाल कर तरुण पर गोली चला दी, जो उसके घुटने में जा लगी। इसके साथ ही आरोपियों ने उस पर चाकू से भी कई वार किए और मौके से फरार हो गए। घायल तरुण को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।   

महाराजपुर बाईपास से दबोचे गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए लार्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों नामजद आरोपियों—सत्यम साहू, सत्तादित्य सिंह और वीरू को महाराजपुर बाईपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त 1 देशी कट्टा, 1 पिस्टल, 2 चाकू और प्रार्थी की स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस आरोपियों से अन्य मामलों के संबंध में भी सघन पूछताछ कर रही है।   

थाना प्रभारी, लार्डगंज नवल आर्य ने बताया कि 26 अक्टूबर को कछियाना बसौर मोहल्ले में हुई गोलीकांड की घटना में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके कब्जे से अवैध हथियार व वाहन जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।