आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। कोतवाली थाना अंतर्गत सराफा बाजार (ननहाई, दीक्षितपुरा) स्थित सिद्ध गणेश मंदिर में एक बार फिर चोरों ने धावा बोला है। बीती रात अज्ञात चोरों ने मंदिर के अंदर घुसकर दानपेटी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे पैसे चुराकर फरार हो गए। स्थानीय रहवासियों और मंदिर समिति के सदस्यों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है।
मंदिर समिति के सदस्यों के अनुसार, चोरों ने मंदिर में प्रवेश करने के लिए छत के रास्ते का उपयोग किया। मंदिर के मुख्य गेट पर सेंटर लॉक और मजबूत ताले लगे होने के कारण चोर मुख्य द्वार से अंदर नहीं आ सके, जिसके बाद उन्होंने छत के रास्ते से अंदर आकर दानपेटी को निशाना बनाया। सुबह जब मंदिर के पट खोले गए, तब घटना का पता चला।
एक साल में 4 से 5 बार हो चुकी है चोरी
स्थानीय नागरिकों और पंडित सिद्धांत दुबे ने बताया कि इस मंदिर में पिछले एक साल के अंतराल में 4 से 5 बार चोरियां हो चुकी हैं। कुछ समय पहले भी चोरों ने मंदिर का ताला तोड़ने का प्रयास किया था और पूर्व में भी दानपेटी से नकदी चोरी हो चुकी है।
पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
मंदिर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान होकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। रहवासियों का आरोप है कि पूर्व की वारदातों की भी पुलिस में शिकायत दी गई थी, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई या चोरों की धरपकड़ नहीं की गई, जिसके कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार किया जाए, ताकि मंदिरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
Continue With Google
Comments (0)