आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। सिविल लाइन थानांतर्गत दत्त अपार्टमेंट के पास हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। वारदात को अंजाम देने के बाद तीन नाबालिग और एक युवक को पुलिस ने दबोच लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अर्जुन और तीनों नाबालिगों का कुछ दिन पूर्व दयाशंकर वंशकार के भतीजे से विवाद हुआ था, बीच-बचाव के दौरान दयाशंकर की भी कहासुनी हुई, जिसके बाद वे चारों उससे रंजिश रखने लगे और मौका पाकर चारों ने मिलकर दयाशंकर को मौत के घाट उतार दिया।

गौरतलब है कि प्रेमसागर क्षेत्र में रहने वाले 40 वर्षीय दयाशंकर वंशकार के पास रविवार सुबह 8 बजे किसी का फोन आया, जिसने उसे पेंट-पुट्टी के काम से सिविल लाइन दत्त अपार्टमेंट के पास बुलाया। जिसके बाद दयाशंकर बाइक से निकल गया। सुबह करीब 10.30 बजे दयाशंकर शव अपार्टमेंट के पास लहुलुहान हालत में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो फुटेज में कुछ लोग संदिग्ध दिखे, इस आधार पर पुलिस ने जांच करते हुए वारदात में शामिल चारों बदमाशों को पकड़ लिया।

पिता की राह तक रहा मासूम
बताया जा रहा है कि मृतक दयाशंकर का 6 साल का एक बेटा भी है। घटना के बाद से लेकर अभी तक उसकी पत्नी और अन्य परिजन तो बेसुध हैं ही साथ में उसका बेटा भी पल-पल अपने पिता के बारे में पूछताछ राह तक रहा है। जिसकी मासूमियत देखकर परिजनों सहित रिश्तेदारों और आसपास रहने वालों तक का दिल पसीज रहा है।