आर्य समय संवाददाता, जबलपुर/छिंदवाड़ा। जबलपुर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छिंदवाड़ा जिले के दमुआ थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक धर्मदास यादव को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी फरियादी के खिलाफ दर्ज मामले में खारजी लगाने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, आवेदक शाहरुख खान के खिलाफ उनके मामा शहीद अंसारी ने दमुआ थाने में फर्जीवाड़े से जुड़ा मामला दर्ज कराया था। इस प्रकरण में खात्मा या खारजी लगाने के बदले दमुआ थाने के प्रधान आरक्षक धर्मदास यादव ने शाहरुख खान के ममेरे भाई दानिश अंसारी के जरिए 1 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत सत्यापन के बाद बिछाया जाल
रिश्वत मांगे जाने से परेशान आवेदक ने मामले की शिकायत जबलपुर लोकायुक्त कार्यालय में की। लोकायुक्त दल ने शिकायत का सत्यापन किया और मामला सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई। शनिवार, 28 नवंबर को दमुआ थाने के बाहर बैंक ऑफ इंडिया के सामने आरोपी प्रधान आरक्षक धर्मदास यादव को 50,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त टीम ने दबोच लिया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी प्रधान आरक्षक के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)B और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस ट्रैप कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा प्रजापति, निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया सहित जबलपुर लोकायुक्त दल के अन्य सदस्य शामिल रहे।
Continue With Google
Comments (0)