आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। बरगी नगर मुख्य बाजार में दिनदहाड़े ठगी की वारदात सामने आई है। यहां किराना दुकान चला रहे जैन दंपत्ति को दो ठगों ने दान देने के बहाने बातों में उलझाया और चालाकी से महिला दुकानदार की सोने की चेन तथा रुपए लेकर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप और चर्चा का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, बरगी नगर में किराना व्यवसायी मुन्नू जैन अपनी पत्नी के साथ दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक सामान खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचा। बातचीत के दौरान उसने महिला से कहा कि वे जैन समाज से हैं, इसलिए वह 1,100 रुपए का दान करना चाहता है। युवक ने नोट थमाते हुए कहा कि इन्हें सोने से स्पर्श कराकर गल्ले में रख दें।
चेन उतरवाकर रची ठगी की चाल
महिला ने पहले गले में पहनी चेन से ही नोट छुआ दिए, लेकिन आरोपी ने यह कहकर दबाव बनाया कि चेन उतारकर नोटों से स्पर्श कराएं। उसकी बातों में आकर महिला ने चेन उतारी और नोटों के साथ लपेटकर गल्ले में रख दी। इसी बीच आरोपी ने नजर बचाकर चालाकी से सोने की चेन और 100 रुपए पार कर दिए।
पीछा करने पर भी नहीं लगे हाथ
कुछ ही देर बाद जब महिला ने गल्ला संभाला तो वहां केवल 1,000 रुपए मिले, जबकि चेन और 100 रुपए गायब थे। ठगी का पता चलते ही परिजनों ने संदिग्धों का पीछा किया, लेकिन दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से भाग निकले।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास की दुकानों व मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।
व्यापारियों से सतर्कता की अपील
दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में सतर्कता बरतने की अपील की गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि अनजान व्यक्तियों द्वारा दान, धार्मिक अनुष्ठान या अन्य किसी बहाने से की जाने वाली बातों और लेन-देन में सावधानी रखें। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
Continue With Google
Comments (0)