आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। सिविक सेंटर स्थित जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) कार्यालय परिसर में गुरुवार शाम 6 बजे अचानक चेतावनी सायरन बजा और पूरा इलाका अलर्ट मोड में आ गया। मौका किसी असली हमले का नहीं, बल्कि भारत सरकार और मध्यप्रदेश शासन के निर्देशों पर आयोजित सिविल डिफेंस हवाई हमले एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का था। अभ्यास के दौरान ‘हॉट बाजार’ का परिदृश्य तैयार कर ड्रोन हमले, विस्फोट, आगजनी और घायलों को बचाने का जीवंत पूर्वाभ्यास किया गया।

सायरन, ब्लैकआउट और पलक झपकते एक्शन
मॉक ड्रिल की शुरुआत चेतावनी सायरन के साथ हुई। परिदृश्य के तहत जेडीए कार्यालय परिसर में ड्रोन हमले और विस्फोट से आग लगने तथा कुछ लोगों के हताहत होने की स्थिति बनाई गई। कंट्रोल रूम को सूचना मिलते ही विभिन्न विभागों को अलर्ट किया गया‌। अग्निशमन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए महज 15 मिनट के भीतर आग बुझा दी। स्वास्थ्य विभाग, एम्बुलेंस और एसडीईआरएफ की टीमों ने घायलों को प्राथमिक उपचार देकर सुरक्षित स्थानों और अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की। वहीं पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था संभाली, जबकि विस्फोटक विशेषज्ञ बीडीडीएस टीम भी मुस्तैद रही।

तालमेल और रिस्पॉन्स टाइम की परख
इस संयुक्त अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में रिस्पॉन्स टाइम, मुस्तैदी, सतर्कता और विभिन्न राहत एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल को परखना था। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में हुए इस आयोजन में प्रशासन, नगर निगम, एनडीआरएफ, एसडीईआरएफ, होमगार्ड, बिजली विभाग (एमपीईबी) और फायर ब्रिगेड ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।

ये अधिकारी और स्वयंसेवक रहे मौजूद
अभ्यास के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (जोन-3) मनीष भारद्वाज, जिला होमगार्ड कमांडेंट नीरज सिंह ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर शशांक सिंह, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) लवली सोनी, उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष शुक्ला सहित विभिन्न थानों के प्रभारी व पुलिस बल मौजूद रहा। इसके अलावा एनसीसी कैडेट, एनएसएस, एनवाईकेएस, एबीवीपी, भारत स्काउट एंड गाइड, रेड क्रॉस और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भागीदारी की।