आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ‘ संकल्प को लेकर एक पदयात्रा निकाली गई। भाजपा का दावा है कि शहीद स्मारक गोल बाजार से प्रारंभ हुई इस ढ़ाई किलोमीटर लंबी पदयात्रा में एक लाख से अधिक लोगों का जनसैलाब उमड़ा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल और केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने विशेष रूप से सहभागिता की और सभा को संबोधित किया। यात्रा के मार्ग में शहर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक और स्वयंसेवी संगठनों द्वारा 55 भव्य स्वागत मंच बनाए गए थे, जहां पुष्पवर्षा कर अतिथियों और पदयात्रियों का अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो पार्टी नेताजी सुभाषचंद्र बोस की सगी नहीं हुई, वह किसी की सगी नहीं हो सकती। मुख्यमंत्री ने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि देश की जनता अच्छी तरह जानती है कि कांग्रेस पार्टी अब देश की सत्ता संभालने लायक नहीं बची है।

उन्होंने जबलपुर के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के संगठनात्मक कौशल और जनसंपर्क की सराहना करते हुए सार्वजनिक मंच से दो बार उनका उल्लेख किया और इस ऐतिहासिक आयोजन की सफलता का श्रेय उन्हें दिया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव तक देश के शेष हिस्सों से भी कांग्रेस का पूरी तरह सफाया तय है।

संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना अराजकता: केंद्रीय मंत्री मेघवाल-

केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि राहुल गांधी और विपक्षी दल लोकतांत्रिक संस्थाओं को धमकाकर देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के बाद कभी ईवीएम, कभी चुनाव आयोग और कभी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को निशाना बनाना कांग्रेस की पुरानी आदत बन चुकी है। देश की जनता लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

लोकतंत्र की रक्षा हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी: खण्डेलवाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा किसी एक दल की नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एसआईआर का विरोध करने वाले राहुल गांधी यह स्पष्ट करें कि क्या वे चाहते हैं कि मतदाता सूची में मृत व्यक्तियों और विदेशी नागरिकों के नाम बने रहें? जबलपुर की जनता ने इस पदयात्रा के माध्यम से यह संदेश दे दिया है कि देश में अराजकता फैलाने वाली ताकतों को कभी स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मंत्री सिंह ने जताया आभार

पदयात्रा की अभूतपूर्व सफलता के बाद कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने संस्कारधानी की जागरूक जनता, मातृशक्ति, युवा साथियों, साधु-संतों और सभी सामाजिक व व्यापारिक संगठनों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने यह साबित कर दिया है कि जबलपुर की जनता का लोकतंत्र और संविधान के प्रति अटूट विश्वास है।

संतों का सानिध्य और प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति

पदयात्रा में महामंडलेश्वर अखिलेश्वरानंद जी, जगतगुरु राघवदेवाचार्य, ज्ञानेश्वरी दीदी सहित कई प्रतिष्ठित संतों का सानिध्य प्राप्त हुआ। इस दौरान उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, कैबिनेट मंत्री  प्रहलाद पटेल, श्रीमती संपतिया उइके, सांसद आशीष दुबे, श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक अशोक रोहाणी, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और करीब एक लाख नागरिक उपस्थित रहे।