आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर की कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे कुख्यात आरोपी बालकिशन उर्फ पप्पू कंजा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लार्डगंज थाने के एक एनडीपीएस एक्ट के मामले में भी लंबे समय से फरार चल रहा था।
थाना प्रभारी मानस द्विवेदी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बीते 9 नवंबर को हर्षित अग्रवाल नामक युवक ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि बालकिशन उर्फ पप्पू कंजा और उसके कुछ साथियों ने मिलकर उन पर जानलेवा हमला किया था। इस शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बालकिशन उर्फ पप्पू कंजा को धर दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक धारदार चाकू बरामद हुआ, जिस पर पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी अलग से मामला पंजीबद्ध किया है।
घटनास्थल का कराया जाएगा मौका मुआयना
पुलिस के अनुसार, आरोपी नट बाबा की गली का निवासी है। पूछताछ और जप्ती की आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस आरोपी को घटनास्थल (नट बाबा की गली) ले जाकर मौका मुआयना कराएगी। इसके साथ ही, थाना लार्डगंज में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के पुराने मामले में भी उसकी गिरफ्तारी और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
Continue With Google
Comments (0)