आर्य समय संवाददाता जबलपुर। शहर के शिवनगर इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अधिवक्ता रॉबिन जैन पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद से पूरे शहर के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश और गुस्सा व्याप्त है।   

अधिवक्ता रॉबिन जैन के अनुसार, वे अपने कार्यालय में बैठे थे, तभी क्षेत्र के विजय सिंह, बृजू , अंकुर  और बिट्टू ने उन्हें बुलाया। वहां पहुंचने पर उनसे अनैतिक रूप से पैसों की मांग की गई और बंदूक दिखाकर दबाव बनाने का प्रयास किया गया। जब अधिवक्ता ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पीछे से तलवार, बेसबॉल के डंडों, लात और घूंसे से उन पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।   

वकीलों ने दी थाने का घेराव करने की चेतावनी
घटना की सूचना मिलते ही जन कल्याण संघ के प्रदेश सचिव अधिवक्ता विकास कुमार सोनी और विदेश सचिव अधिवक्ता रोहित कुरेल सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता अस्पताल पहुंचे।   
वकीलों का कहना है कि यह हमला अधिवक्ता समाज की सुरक्षा पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न है। यदि पुलिस प्रशासन ने 1 से 2 घंटे के भीतर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की, तो शहर के समस्त अधिवक्ता कोतवाली थाने का घेराव करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।