आर्य समय संवाददाता, भोपाल। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एक होटल संचालक से मासिक वसूली करने और होटल में ठहरे एक प्रेमी जोड़े के बैग में गांजा रखकर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। होटल में लगे साउंड रिकॉर्डिंग वाले हिडन कैमरे की फुटेज वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ा रुख अपनाते हुए एडिशनल एसपी (ASP) दीपक मिश्रा, एसडीओपी (SDOP) चंचलेश मरकाम और टीआई सतीश तिवारी सहित 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।

क्या है पूरा मामला
आरोप है कि सिवनी के पुलिस अधिकारियों द्वारा एक स्थानीय होटल संचालक पर मासिक अवैध वसूली (मंथली) के लिए दबाव बनाया जा रहा था। इसी दौरान होटल में ठहरे एक प्रेमी जोड़े को डराने और उनके बैग में गांजा रखकर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी गई। पूरी घटना होटल के कमरे/परिसर में लगे साउंड रिकॉर्डिंग युक्त हिडन कैमरे में कैद हो गई। जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, DGP को दिए सख्त निर्देश
वायरल वीडियो में प्रथम दृष्टया पुलिस अधिकारियों का संदिग्ध आचरण सामने आने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर सख्त संदेश देते हुए कहा "पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता एवं कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है। सिवनी के वायरल वीडियो प्रकरण में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आने पर ASP, SDOP सहित 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और प्रकरण की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।"

शासन को भेजा गया निलंबन प्रस्ताव: DGP
मुख्यमंत्री के निर्देश के तुरंत बाद मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाना ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से कार्रवाई की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सिवनी के एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा और एसडीओपी को निलंबित करने का प्रस्ताव राज्य शासन को भेज दिया गया है और आज ही दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के निलंबन के आदेश जारी हो जाएंगे। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोरतम कानूनी व विभागीय कार्रवाई की जाएगी।